राजस्थान: करणपुर से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कून्नर का निधन, इस सीट पर नहीं होगा मतदान

By: Shilpa Wed, 15 Nov 2023 12:28:28

राजस्थान: करणपुर से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कून्नर का निधन, इस सीट पर नहीं होगा मतदान

जयपुर। राजस्थान में वोटिंग से ठीक 10 दिन पहले कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कून्नर का निधन हो गया है। वे 75 साल के थे। कून्नर करणपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे। कैंपेनिंग के बीच अचानक तबीयत खराब होने पर कून्नर को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने 4 नवम्बर को अपना नामांकन भरा था। अब इस सीट पर 25 नवम्बर को चुनाव नहीं होगा।

गौरतलब है कि गुरमीत सिंह वर्तमान में करणपुर से कांग्रेस विधायक भी थे। उन्होंने 2018 में निर्दलीय चुनाव जीता था और मंत्री बने थे। उन्होंने भाजपा के सुरेंद्रपाल सिंह और पृथीवाल सिंह संधू को हराया था। इस बार भी तीनों उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन चुनाव से पहले ही कून्नर के निधन की खबर आई।

पार्टी के वरिष्ठ विधायक कुन्नर के निधन पर सूबे के मुखिया अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए शोक जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, करणपुर से विधायक और पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी और राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं।

जानकारी के मुताबिक गुरमीत सिंह कुन्नर का लंबे समय से बीमारी के चलते दिल्ली के एम्स में उपचार चल रहा था। यहीं पर बुधवार की सुबह उनका निधन हुआ और फिर उनका परिवार अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को लेकर श्रीगंगानगर स्थित उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गया है, क्योंकि गुरमीत सिंह कुन्नर इस बार भी करणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार थे और अब उनका निधन हो गया है तो इस बार 25 नवंबर को अन्य सीटों के साथ इस सीट का चुनाव नहीं होगा। यानी अब 25 नवंबर को राजस्थान की 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर ही मतदान होगा और चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com